दुर्ग। 17 जून, 2026, (सीजी संदेश) : 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयुष विभाग रायपुर के निर्देशानुसार एवं जिला आयुष अधिकारी दिनेश चंद्रवंशी के मार्गदर्शन में जिले में संचालित आयुष योगा वेलनेस सेंटर द्वारा शासकीय आयुर्वेद चिकित्सालय, धमधा नाका दुर्ग में 17 जून से 21 जून तक पांच दिवसीय निःशुल्क योग स्वास्थ्य प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
शिविर का आयोजन प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से 9 बजे तक किया जाएगा। इस प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना है। शिविर में सभी आयु वर्ग के नागरिकों के लिए कॉमन योगा प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। आयुष विभाग द्वारा संचालित योगा वेलनेस सेंटर, शासकीय आयुर्वेद चिकित्सालय दुर्ग में पदस्थ योग चिकित्सक डॉ. कल्पना ठाकुर द्वारा प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 8 बजे तक कॉमन योगा प्रोटोकॉल तथा 8 बजे से 9 बजे तक विभिन्न रोगों के अनुसार विशेष योगाभ्यास कराया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान योग के महत्व, स्वास्थ्य लाभ एवं नियमित योगाभ्यास के प्रति भी प्रतिभागियों को जागरूक किया जाएगा।
आयुष विभाग ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में शिविर में शामिल होकर योग प्रशिक्षण का लाभ प्राप्त करें तथा स्वस्थ और संतुलित जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाएं। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित यह शिविर स्वास्थ्य जागरूकता और जनकल्याण की दिशा में एक सराहनीय पहल माना जा रहा है।




