भिलाई। 17 जून, 2026, (सीजी संदेश) : विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर लीनेस क्लब भिलाई द्वारा सन्ना ब्लड बैंक सेंटर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सामाजिक सरोकार से जुड़े इस आयोजन में 30 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
रक्तदान शिविर का शुभारंभ सुबह हुआ और दोपहर तक रक्तदाताओं का उत्साह लगातार बना रहा। शिविर में भाग लेने वाले सभी रक्तदाताओं को सम्मान स्वरूप हेल्मेट प्रदान किए गए। इसके साथ ही उनके स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए फल, ड्राई फ्रूट एवं जूस भी वितरित किए गए।
क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि रक्तदान के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रक्तदाताओं को हेल्मेट भेंट किए गए, ताकि वे सुरक्षित रहें और भविष्य में भी नियमित रूप से रक्तदान करते रहें। साथ ही अन्य लोगों को भी इस महादान के लिए प्रेरित कर सकें। शिविर के दौरान सदस्यों ने “रक्तदान महादान” के नारों के साथ रक्तदान के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। कार्यक्रम में लीनेस क्लब भिलाई की अध्यक्ष कल्पना श्रीवास्तव, सचिव मनीषा सिन्हा, कोषाध्यक्ष डॉ. मंजू तिवारी, नूतन गंधोक, करुणा बंसल, पुष्पा सिंह, राजश्री जैन, अरुणा लिंगाला, सिम्मी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सन्ना ब्लड बैंक सेंटर के अधिकारी एवं कर्मचारी भी आयोजन में सक्रिय रूप से सहयोग करते रहे।
कार्यक्रम के अंत में क्लब की ओर से सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए समाज के अधिक से अधिक लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील की गई। रक्तदान से न केवल जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान मिलता है, बल्कि यह समाज में सेवा और मानवीय संवेदनाओं को भी मजबूत करता है।




