भिलाई। 14 जून, 2026, (सीजी संदेश) : वैशाली नगर पुलिस को आज दिनांक 14 जून को सूचना प्राप्त हुई कि वृंदानगर कैम्प-1 स्थित एक मकान में दंपति के शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़े हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच प्रारंभ की। मृतकों की पहचान जी. वेंकटरमण मूर्ति (55 वर्ष) एवं उनकी पत्नी जी. विद्यावती (52 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के संबंध में मृतक के घर के सामने रहने वाले उनके छोटे भाई जी. माधव राव की रिपोर्ट पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई है। पुलिस एवं फॉरेंसिक विशेषज्ञों द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी की गई। जांच के दौरान मृत्तिका जी. विद्यावती का शव मकान के सामने वाले कमरे में मृत अवस्था में पाया गया, जबकि मृतक जी. वेंकटरमण मूर्ति का शव अंदर के कमरे में नायलॉन की मोटी रस्सी के फंदे से लटका हुआ मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक के भाई द्वारा रस्सी काटकर शव को नीचे उतारा गया था। घटनास्थल से आवश्यक भौतिक साक्ष्य एकत्रित कर पंचनामा कार्रवाई की गई है तथा दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि मृतक ऑटो चालक के रूप में कार्य करता था तथा पति-पत्नी के बीच अक्सर आपसी विवाद होने की बात भी ज्ञात हुई है। हालांकि पुलिस द्वारा मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत विवेचना जारी है।




