भिलाई। 13 जून, 2026, (सीजी संदेश) : सामाजिक सेवा और पशु कल्याण के प्रति अपनी निरंतर प्रतिबद्धता को निभाते हुए लीनेस क्लब भिलाई द्वारा आज अपने स्थायी सिग्नेचर प्रोजेक्ट “स्ट्रीट डॉग्स सेवा” के अंतर्गत सेक्टर-3 स्थित डॉग्स शेल्टर में आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया। क्लब सदस्यों ने शेल्टर में रहने वाले घायल एवं बीमार कुत्तों की देखभाल के लिए चावल, हल्दी, नमक, फ्लोर क्लीनर, मोपर सहित अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की। क्लब द्वारा प्रत्येक माह नियमित रूप से शेल्टर का भ्रमण कर वहां की जरूरतों के अनुरूप सामग्री उपलब्ध कराई जाती है, ताकि बेजुबान प्राणियों की आवश्यकताओं की पूर्ति हो सके और उनके संरक्षण में सहयोग मिल सके। क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि इस डॉग्स शेल्टर में सड़क दुर्घटनाओं में घायल हुए, बीमार अथवा असहाय कुत्तों को रेस्क्यू कर लाया जाता है। यहां उनका उपचार एवं देखभाल की जाती है तथा स्वस्थ होने के बाद उन्हें पुनः सुरक्षित वातावरण में छोड़ दिया जाता है। इस प्रकार शेल्टर बेजुबान पशुओं के लिए एक महत्वपूर्ण आश्रय स्थल के रूप में कार्य कर रहा है। लीनेस क्लब भिलाई लंबे समय से सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। क्लब का मानना है कि मानव सेवा के साथ-साथ पशु सेवा भी समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है और इसी भावना के साथ यह अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष कल्पना श्रीवास्तव, सचिव मनीषा सिन्हा, पूनम आहूजा, पुष्पा सिंह एवं देवयानी चंद्राकर उपस्थित रहीं। क्लब सदस्यों ने भविष्य में भी इस सेवा कार्य को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।




