भिलाई। 04 जून, 2026, (सीजी संदेश) : छत्तीसगढ़ शासन, सामान्य प्रशासन विभाग तथा नारकोटिक्स सेल, पुलिस मुख्यालय, रायपुर के निर्देशानुसार जप्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण हेतु गठित रेंज स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल समिति द्वारा आज दिनांक 04 जून को जिला दुर्ग के थाना पुलगांव, जिला दुर्ग के धारा 8 एवं 18 स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 (NDPS Act) के अंतर्गत जप्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण की कार्यवाही विधिवत किया गया। उच्च स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल समिति के अध्यक्ष एवं पुलिस महानिरीक्षक, दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य के नेतृत्व में यह कार्रवाई भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के एस.एम.एस.-3 प्लांट में संपन्न हुई। इस दौरान समिति के सदस्य विजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/उप पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग तथा शशांक कुमार, आबकारी उपायुक्त विशेष रूप से उपस्थित रहे। नष्टीकरण हेतु पर्यावरण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों से आवश्यक वैधानिक अनुमति प्राप्त की गई। निर्धारित मानकों एवं वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए भिलाई स्थित स्टील प्लांट में जप्त मादक पदार्थ का विधिवत नष्टीकरण किया गया। उक्त प्रकरण में आरोपियों से जप्त अवैध मादक पदार्थ अफीम के पौधे, जड़, तना, पत्ती, फूल एवं फल सहित लगभग 14,30,100 नग, कुल वजन 62,422.2 किलोग्राम, अफीम का सूखा फल (डोडा) 62.540 किलोग्राम तथा अफीम युक्त सूखा मिश्रित डोडा बुक्की 572 ग्राम जप्त किया गया था। जप्त मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 7.88 करोड़ रुपये है।
▪️घटना का कारण :
न्यायालयीन एवं वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत जप्त मादक पदार्थों का सुरक्षित एवं विधिसम्मत नष्टीकरण किया जाना।
कार्यवाही के दौरान सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर), जिला दुर्ग, सत्य प्रकाश तिवारी, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर, कार्यालय पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज से पनिक राम कुजूर उप पुलिस अधीक्षक एवं श्रीमती शिल्पा साहू उप पुलिस अधीक्षक तथा पर्यावरण विभाग से संजय सिंह परिहार सहित बीएसपी एसएमएस-3 के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
▪️सराहनीय भूमिका :
उक्त कार्यवाही में उच्च स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति, दुर्ग रेंज, थाना पुलगांव तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए सफलतापूर्वक नष्टीकरण की कार्यवाही संपादित की गई।
▪️दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि मादक पदार्थों के अवैध उत्पादन, परिवहन, विक्रय एवं सेवन संबंधी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में नागरिकों का सहयोग कानून व्यवस्था एवं समाज की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।




