भिलाई। 31 मई, 2026, (सीजी संदेश) : भारतीय जनता पार्टी भिलाई जिला कार्यालय, प्रियदर्शिनी परिसर सुपेला में आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” के 134वें एपिसोड का सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम भाजपा जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन के नेतृत्व में जिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में आयोजित किया गया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संबोधन में देश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिकों, खिलाड़ियों, युवाओं एवं समाजसेवियों की प्रेरणादायक कहानियों का उल्लेख किया। उन्होंने 100 मीटर दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित करने वाले गुरविंदर सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रधानमंत्री जी ने भीषण गर्मी के दौरान स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने तथा पारंपरिक पेय पदार्थों के उपयोग पर बल दिया। उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक विविधताओं, आम की विभिन्न प्रजातियों तथा “एक भारत श्रेष्ठ भारत” की भावना को सशक्त बनाने वाले प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में जल संरक्षण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, डॉल्फिन बचाव अभियान, खगोल विज्ञान के क्षेत्र में बढ़ती जनभागीदारी तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले व्यक्तियों और संगठनों के कार्यों का भी उल्लेख किया गया। प्रधानमंत्री जी ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और प्रेरणादायक कार्यों से सीख लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भाजपा भिलाई जिला के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया। मन की बात कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष-पुरुषोत्तम देवांगन, जिला पंचायत अध्यक्ष-सरस्वती बंजारे, कार्यालय प्रभारी-योगेंद्र सिंह, विजय जायसवाल, तुलसी साहू, त्रिलोचन सिंह, गोपाल कृष्ण वर्मा, पूनम शुक्ल, पारस जंघेल, रश्मि सिंग, भारती साहू, विजय सिंह, मदन सेन, प्रेम चंद देवांगन, शंकरलाल देवांगन, दिनेश देवांगन, जाकिर हुसैन, बॉबी चौहान, रवि कश्यप, ज्ञानदास मानिकपुरी, अमित पाहुजा, रूपराम साहू, राजू खान, परवेज सलमानी, अब्दुल नासिर, संतोष देवांगन, दुर्गेश चौधरी, तुषार सोनी, निक्की सहित अनेक कार्यकर्ता गण उपस्थित थे।




