दुर्ग। 25 मई, 2026, (सीजी संदेश) : दुर्ग पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के विभिन्न प्रकरणों में जप्त वाहनों की ऑनलाइन नीलामी एमएसटीसी पोर्टल के माध्यम से संपन्न कराई गई। नीलामी प्रक्रिया पूर्णतः ऑनलाइन एवं पारदर्शी तरीके से आयोजित की गई, जिसमें कुल 22 जप्त वाहनों को शामिल किया गया। इन वाहनों में 10 दोपहिया एवं 12 चारपहिया वाहन सम्मिलित रहे।ऑनलाइन बोली प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत सभी जप्त वाहनों का कुल 5,50,000/- रुपये में सफलतापूर्वक विक्रय किया गया। नीलामी से प्राप्त समस्त राशि नियमानुसार शासकीय कोष में जमा कराई जाएगी। दुर्ग पुलिस द्वारा बताया गया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत अवैध मादक पदार्थ कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा ऐसे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु निरंतर अभियान संचालित किया जा रहा है। जिला दुर्ग पुलिस द्वारा संपूर्ण नीलामी प्रक्रिया को एमएसटीसी पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में पुलिस लाइन और डीसीआरबी शाखा एवं सम्बन्धित थाना के पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
▪️ दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आमजन से अपील करती है कि नशे एवं अवैध मादक पदार्थों से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।




