भिलाई। 24 अप्रैल, 2026, (सीजी संदेश) : भिलाई एजुकेशन ट्रस्ट द्वारा संचालित भिलाई महिला महाविद्यालय, सेक्टर-9, भिलाई ने शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। हेमचंद यादव यूनिवर्सिटी द्वारा भिलाई महिला महाविद्यालय को उत्कृष्टता के आधार पर प्रतिष्ठित “बेस्ट कॉलेज अवॉर्ड” से नवाजा है। विश्वविद्यालय से संबद्ध कुल 147 महाविद्यालयों में से भिलाई महिला महाविद्यालय का चयन इस सम्मान के लिए किया जाना संस्थान की उत्कृष्टता, गुणवत्ता और निरंतर प्रगति का प्रतीक है। यह उपलब्धि न केवल महाविद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।इस प्रतियोगिता में सम्मिलित होने हेतु विश्वविद्यालय द्वारा महाविद्यालयों से विगत पाँच वर्षों की विस्तृत एवं प्रमाणिक जानकारी प्रस्तुत करने को कहा गया था। इसमें महाविद्यालय के आधारभूत ढांचे (इन्फ्रास्ट्रक्चर), अत्याधुनिक प्रयोगशालाएँ, शोध कार्य, पुस्तकालय संसाधन, पेटेंट एवं पुस्तक अध्याय, शिक्षिकाओं के निर्देशन में पीएच.डी. उपाधि प्राप्त एवं पंजीकृत शोधार्थी, प्रवेशित छात्र-छात्राओं की संख्या, उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), पाठ्येतर एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियाँ, कौशल विकास पहल तथा विभिन्न सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों का समग्र विवरण शामिल था। इन सभी बिंदुओं पर विशेषज्ञ समिति द्वारा गहन मूल्यांकन के पश्चात भिलाई महिला महाविद्यालय को इस प्रतिष्ठित सम्मान हेतु चयनित किया गया है। यह पुरस्कार महाविद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक गुणवत्ता, नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धतियों, अनुसंधान एवं प्रकाशन में सक्रियता तथा महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय योगदान का प्रत्यक्ष प्रमाण है।भिलाई महिला महाविद्यालय की प्राचार्या श्रीमती प्रतिभा छाया क्लॉडियस ने यह सम्मान ग्रहण किया, जिसमें एक प्रशस्ति-पत्र, मेडल तथा ₹25,000 (पच्चीस हजार रुपये) की नगद राशि प्रदान की गई है। इस अवसर पर हेमचंद यादव यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डाॅ संजय तिवारी, रजिस्ट्रार डाॅ भूपेंद्र कुलदीप सहित पूर्व वाइस चांसलर डॉ अरूणा पल्टा तथा रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के पूर्व वाइस चांसलर डाॅ एस. के. गौतम विशेष रूप से उपस्थित थे। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर महाविद्यालय परिसर में हर्ष, उत्साह एवं गौरव का वातावरण व्याप्त हो गया।
इस अवसर पर भिलाई एजुकेशन ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी विजय कुमार गुप्ता, चेयरमैन अरविंद जैन, ट्रस्ट के अन्य ट्रस्टी वीनू जैन, मनीष गुप्ता, के. पटेल तथा सेक्रेटरी सुरेंद्र गुप्ता तथा प्राचार्या श्रीमती प्रतिभा छाया क्लाडियस ने हर्ष व्यक्त करते इस उपलब्धि के लिए समस्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक कर्मचारियों के समर्पण, निष्ठा एवं परिश्रम की सराहना करते हुए बधाई दी हैl
प्राचार्या प्रतिभा छाया क्लाडियस ने महाविद्यालय परिवार की इस उपलब्धि का श्रेय समस्त प्राध्यापकों, कर्मचारियों, छात्राओं एवं अभिभावकों के निरंतर सहयोग, समर्पण एवं टीमवर्क को दिया है। साथ ही भविष्य में भी गुणवत्ता-आधारित शिक्षा, अनुसंधान उन्नयन, कौशल विकास एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में नए मानदंड स्थापित करने का संकल्प व्यक्त किया है।इस अवसर पर पुरस्कार प्राप्त कर लौटने वाली टीम का भव्य स्वागत किया गया, जिसमें महाविद्यालय की प्राचार्या श्रीमती प्रतिभा छाया क्लॉडियस, आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. भावना पांडेय, डॉ. माधुरी देवी, डॉ. रीना शुक्ला एवं डॉ. अर्चना शरण शामिल थीं। अवार्ड प्राप्त कर लौटने पर महाविद्यालय कैम्पस में टीम का स्वागत काॅलेज के सामाजिक दायित्व प्रकोष्ठ की संयोजिका डाॅ निधि मोनिका शर्मा एवं उनकी टीम द्वारा पारंपरिक ढोल-नगाड़ों की धुन पर उत्साहपूर्वक किया गया तथा पुष्प-गुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर वाइस प्रिंसिपल डाॅ आशा रानी दास सहित काॅलेज के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष तथा फैकल्टी मेम्बर्स उपस्थित थे।



