दुर्ग। 20अप्रैल, 2026, (सीजी संदेश) : दुर्ग पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य नियम के पालन हेतु विशेष अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली गंभीर चोटों एवं मृत्यु को रोकना है। अभियान के अंतर्गत वर्ष 2023 में 1653 प्रकरणों में कार्यवाही कर ₹8,26,500 समन शुल्क वसूला गया। वर्ष 2024 में 3961 प्रकरण दर्ज कर ₹19,80,500 समन शुल्क वसूला गया। वर्ष 2025 में 2328 प्रकरणों में कार्यवाही कर ₹11,64,000 समन शुल्क प्राप्त किया गया। वर्तमान वर्ष 2026 में अब तक 23,088 प्रकरणों में कार्यवाही करते हुए ₹1,15,44,000 समन शुल्क वसूला गया है। उक्त अभियान में यातायात पुलिस दुर्ग के अधिकारी एवं कर्मचारीगण, चेकिंग प्वाइंट पर तैनात स्टाफ एवं पेट्रोलिंग टीम की सतत एवं प्रभावी भूमिका रही।
दुर्घटना संबंधी तथ्य
विगत वर्ष 2025 में हेलमेट नहीं पहनने के कारण सड़क दुर्घटनाओं में 230 व्यक्तियों की मृत्यु हुई थी। वर्तमान वर्ष 2026 में अब तक 26 व्यक्तियों की मृत्यु हेलमेट का उपयोग न करने के कारण दर्ज की गई है।
कार्यवाही का प्रभाव
उक्त कार्यवाही से आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ी है तथा दोपहिया वाहन चालक हेलमेट का उपयोग करने के लिए प्रेरित हो रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं में मृत्यु दर कम करने में सहायता मिल रही है।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट का उपयोग करें। यह कार्यवाही आपकी सुरक्षा के लिए की जा रही है। नियमों का पालन कर स्वयं एवं अपने परिवार को सुरक्षित रखें।



