दुर्ग। 17अप्रैल, 2026, (सीजी संदेश) : खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने एवं युवाओं में आत्मरक्षा की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दुर्ग पेचक सिलाट एसोसिएशन द्वारा 19 अप्रैल को जिला स्तरीय पेचक सिलाट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता एम.जे. स्कूल, आर्या नगर, कोहका में आयोजित होगी, जिसमें जिले भर से विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग लेंगे। इस प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के प्रतिभागियों के बीच विभिन्न भार वर्गों में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेल के प्रति जागरूक करना, उनकी शारीरिक क्षमता का विकास करना एवं आत्मरक्षा की कला से परिचित कराना है। प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए भी किया जा सकता है।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें।



