भिलाई। 15अप्रैल, 2026, (सीजी संदेश) : दि बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया छ.ग. और चन्द्रमणि जनकल्याण विकास समिति तीन दर्शन मंदिर कैम्प 1 भिलाई के संयुक्त तत्वावधान मे डा.बाबासाहेब भीमराव आम्बेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर आयोजित भीम जयंती समारोह बुद्ध धम्म व संघ वंदना के पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमो की प्रस्तुति मे हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
समारोह के आरंभ मे अतिथियो द्वारा भारतीय संविधान के शिल्पकार डा.बाबासाहेब भीमराव आम्बेडकर के तैलचित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्प अर्पित किये गए एवं त्रिशरण पंचशील का पठन गायन किया गया। दि बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया छ.ग. द्वारा एम्स मे चिकित्सारत शांतिनगर निवासी कैंसर पीड़ित युवक को 20,500/- रूपए की नकद आर्थिक सहयोग राशि उनके इलाज मे सहयोग हेतु रश्मि भटनागर को प्रदान की गई। रश्मि भटनागर ने अपने उद्बोधन मे संस्था के इस नेक व पुनीत कार्य हेतु आभार व्यक्त किया। समारोह को संबोधित करते हुए दि बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया के प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद बंसोड ने कहा कि सन 1200 मे ब्रिटेन के बने मौखिक संविधान और 1827 मे बने अमेरिका के लिखित संविधान से कही ज्यादा महत्वपूर्ण व मूल्यवान 1950 मे डा.बाबासाहेब भीमराव आम्बेडकर द्वारा लिखा गया भारत का संविधान है क्योंकि यह विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश का लिखित संविधान है। दि बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अनिल मेश्राम ने कहा कि डा.बाबासाहेब आम्बेडकर द्वारा घोर विषमता के दौर मे देश मे समता लाने के जो प्रयास किये गये वह एतिहासिक अभूतपूर्व व सर्व समाज के लिए अनुकरणीय है उन्होने कहा कि मानवता की सेवा मानव कल्याण का मार्ग और सामाजिक समानता के सिद्धांत भारतीय संविधान मे निहित है इसलिए हमे संकट की घड़ी मे एक दूसरे का सहयोग करना चाहिए। समारोह को संबोधित करते हुए एडवोकेट मनोज मून प्रदेश उपाध्यक्ष, नरेन्द्र खोब्रागड़े प्रदेश महासचिव, राजू मेश्राम प्रदेश कोषाध्यक्ष, सुभाष बंसोडकर संचालक डा.आम्बेडकर शिक्षा मित्र सोसायटी, बी.एल. कुशवाहा चरोदा, अनिता मेश्राम अध्यक्ष चन्द्रमणि बुद्ध विहार समिति, गौतम खोब्रागड़े व मृत्युंजय भगत समाजसेवी ने कहा कि भारत के प्रत्येक वर्ग की महिलाओ के सामाजिक शैक्षणिक आर्थिक व राजनीतिक उत्थान हेतु डा.बाबासाहेब आम्बेडकर के किये गये संवैधानिक योगदान को कोई भूला नही सकता। इस अवसर पर बच्चो द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये गये जिन्हे संजय सिंह के सौजन्य से पुरस्कृत भी किया गया। समारोह मे अमित शर्मा द्वारा मधुर व कर्णप्रिय गीत प्रस्तुत किये गये तथा अंत मे सामूहिक स्वरुचि भोज भी संपन्न हुआ। इस अवसर पर वार्ड की पार्षद लक्ष्मी साहू, पूर्व पार्षद जोहन सिन्हा, सतनाम सिंह, संजय सिंह, अमित शर्मा, गीतिका मेश्राम, राज मेश्राम, भुवनेश्वर साहू, जयराज श्यामकुंवर, रंजना बागड़े सहित बड़ी संख्या मे विभिन्न समाज के लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन संगीता पटेल सचिव ने तथा आभार प्रदर्शन गौतम खोब्रागड़े कोषाध्यक्ष चन्द्रमणि जनकल्याण विकास समिति ने किया।



