भिलाई। 10अप्रैल, 2026, (सीजी संदेश) : नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा शहर में बढ़ती भीषण गर्मी एवं लू के प्रभाव को देखते हुए नागरिकों को जागरूक करने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। निगम की टीम द्वारा विभिन्न वार्डों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पाम्पलेट वितरण कर लोगों को लू से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है।
अभियान के तहत नागरिकों को बताया जा रहा है कि लू लगने के प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, सिर दर्द, चक्कर आना, उल्टी, कमजोरी, अत्यधिक प्यास लगना एवं शरीर का तापमान बढ़ना शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत छांव में आराम करने, शरीर को ठंडा रखने और आवश्यक होने पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की जा रही है। निगम द्वारा नागरिकों को सलाह दी गई है कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, हल्के एवं सूती कपड़े पहनें, सिर को ढककर रखें तथा अधिक से अधिक पानी, नींबू पानी, छाछ एवं अन्य तरल पदार्थों का सेवन करें। साथ ही छोटे बच्चों, बुजुर्गों एवं बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने की भी अपील की गई है। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और लू से बचाव के उपायों को अपनाकर स्वयं एवं अपने परिवार को सुरक्षित रखें।



