दुर्ग। 08अप्रैल, 2026, (सीजी संदेश) : 03 माह पूर्व सूने मकान में हुई संगठित चोरी की घटना का दुर्ग पुलिस ने खुलासा करते हुए 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला अमलेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत का है। जहां आरोपियों ने 25 से 29 जनवरी के मध्य सूने घर का फायदा उठाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों से बड़ी मात्रा में सोना-चांदी, नगदी एवं मोबाइल बरामद करने के अलावा चोरी की रकम से खरीदी गई स्कूटी एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल कुल 8,22,480/- रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद कर आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी द्वारा थाना अमलेश्वर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 25 जनवरी से 29 जनवरी के मध्य वह घरेलू कार्य से बाहर गया हुआ था। वापस लौटने पर घर का मुख्य दरवाजा एवं अंदर का ताला टूटा हुआ पाया गया तथा आलमारी का लॉक तोड़कर अंदर रखे सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी राशि अज्ञात आरोपी चोरी कर ले गए थे। रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर सूचना के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों द्वारा योजनाबद्ध तरीके से रात के समय सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी करना स्वीकार किया गया। मुख्य आरोपी खिलेश दास मानिकपुरी द्वारा अपने साथी भुनेश्वर यादव के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना तथा चोरी किए गए जेवरातों को तीसरे आरोपी तुलेश्वर सोनकर को बेचने हेतु देना बताया गया। आरोपियों द्वारा चोरी की रकम का उपयोग व्यक्तिगत लाभ हेतु वाहन खरीदने में भी किया गया। आरोपियों की निशानदेही पर सोने-चांदी के जेवरात, नगदी, मोबाइल फोन, चोरी की रकम से खरीदी गई स्कूटी एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।
उक्त कार्यवाही में थाना अमलेश्वर पुलिस एवं एसीसीयू टीम द्वारा संयुक्त रूप से त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की गई। टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया तथा चोरी की संपत्ति बरामद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।
▪️ घटना का कारण :
आर्थिक लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से सूने मकान को लक्ष्य बनाकर चोरी की घटना को अंजाम देना।
घटनास्थल :
ग्राम मोतीपुर, थाना अमलेश्वर, जिला दुर्ग
आरोपी का नाम :
1. खिलेश दास मानिकपुरी, उम्र 22 वर्ष, निवासी दुर्गानगर नेश्वर, थाना अमलेश्वर, जिला दुर्ग
2. भुनेश्वर उर्फ नानू यादव, उम्र 21 वर्ष, निवासी रायपुरा, थाना डी.डी. नगर, जिला रायपुर
3. तुलेश्वर सोनकर उर्फ टिल्लू, उम्र 24 वर्ष, निवासी कृष्णा नगर डगनिया, थाना डी.डी. नगर, जिला रायपुर
जप्त सामग्री :
1. सोना लगभग 54 ग्राम (कीमती लगभग 6,48,000/- रुपये)
2. चांदी लगभग 513 ग्राम (कीमती लगभग 2,58,000/- रुपये)
3. नगदी रकम 6,480/- रुपये
4. स्कूटी क्रमांक CG 04 QV 3484 (कीमती लगभग 1,00,000/- रुपये)
5. मोटरसाइकिल हीरो होंडा CG 07 L 8246 (कीमती लगभग 10,000/- रुपये)
6. विभिन्न मोबाइल फोन (ओप्पो, आईफोन, कीपैड मोबाइल)
7. सोने-चांदी के आभूषण (मंगलसूत्र, अंगूठी, बाली, पायल, करधन, बिछिया आदि)
दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि घर को लंबे समय तक खाली छोड़ने की स्थिति में सुरक्षा के आवश्यक उपाय सुनिश्चित करें एवं पड़ोसियों/स्थानीय पुलिस को सूचित करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। अपराधियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



