भिलाई। 08अप्रैल, 2026, (सीजी संदेश) : नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से तालाबों एवं बड़े-छोटे नालों की सफाई का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार यह अभियान लगातार जारी है। निगम के सभी पांचों जोन क्षेत्रों में अधिकारी एवं कर्मचारी मैदानी स्तर पर सक्रिय रहते हुए कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर रहे हैं और आवश्यकता के अनुसार सफाई कार्य सुनिश्चित किया जा रहा है। तालाबों की गाद निकासी, कचरा हटाने और नालों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे जल निकासी व्यवस्था भी बेहतर हो सके। स्वच्छ सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए निगम प्रशासन शहर की स्वच्छता रैंकिंग को सुदृढ़ करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। निगम का लक्ष्य है कि भिलाई शहर स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर स्थान प्राप्त करे और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण मिल सके। निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे शहर को साफ-सुथरा रखने में सहयोग करें और कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें।



