रायपुर। 31मार्च, 2026, (सीजी संदेश) : रायपुर कमिश्नरेट पुलिस की एसीसीयू, एएनटीएफ तथा थाना तेलीबांधा पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्यवाही करते हुए सूखा नशा और सिंथेटिक ड्रग्स के अंतर्राज्यीय नेटवर्क के मास्टर माईंड महेश खड़का एवं कुसुम हिन्दुजा को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी दिल्ली में रहकर एमडीएमए ड्रग्स एवं पार्टी पिल्स सप्लाई के सिंडिकेट का संचालन कर रहे थे। पुलिस ने रायपुर में रेपिडो राईडरों के माध्यम से शहर में एमडीएमए ड्रग्स सूनसान स्थानों पर रखकर विडियो लोकेशन शेयरिंग के माध्यम से ग्राहकों तक पहुंचाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। इस कार्यवाही से ड्रग्स सिंडिकेट के द्वारा उपयोग में लाये जाने वाले “Dead Drop System” को भेदने में सफलता मिली है। साथ ही राज्यों के विभिन्न जिलों में संचालित अवैध नशे की तस्करी एवं विक्रय के श्रृंखला को तोड़ने में भी सफलता प्राप्त हुई है। मास्टर माईंड महेश खड़का तथा कुसुम हिन्दुजा पूर्व में भी वर्ष 2024 में थाना खम्हारडीह से ड्रग्स के प्रकरण में जेल में रह चुके है। आरोपियों के कब्जे से 48.03 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स जिसकी कुल अनुमानित कीमत 7,00,000/-रूपये, 08 नग पार्टी पिल्स, 09 नग मोबाईल फोन, स्प्लेण्डर मोटर सायकल क्रमांक सी जी 04 एन जी 8529 तथा ड्रग्स सप्लाई में प्रयुक्त कुरियर बॉक्स जप्त किया गया है। जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 10,00,000/- रूपये आंकी गई है। आरोपियों के विरूद्ध थाना तेलीबांधा थाना में धारा 22(ख) नारकोटिक एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट की टीम को सूचना प्राप्त हुई कि रेपिडो राईडरों के माध्यम से शहर में एमडीएमए ड्रग्स सूनसान स्थानों पर रखकर विडियो लोकेशन शेयरिंग के माध्यम से ग्राहकों तक पहुंचाया जा रहा है। उक्त सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एण्ड साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों एवं प्रभारियों को सूचना व आरोपियों की तस्दीक कर एमडीएमए ड्रग्स सहित गिरफ्तार करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट की एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा स्थानीय इनपुट पर आसूचना संकलन एवं तकनीकी विश्लेषण सहित एमडीएमए ड्रग्स के लेन-देन हेतु विभिन्न बैंक खातों को खंगालने के पश्चात् कुछ रैपिडो राईडरों को चिन्हांकित करने में सफलता मिली। टीम के सदस्यों द्वारा उन पर लगातार निगाह रखते हुये उनकी गतिविधियों पर नजर रखीं जा रहीं थी। इसी क्रम में दिनांक 29 मार्च को प्राप्त आसूचना के आधार पर एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट एवं थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा तेलीबांधा क्षेत्र के काशीराम नगर पास 03 रैपिडो राईडर को एमडीएमए ड्रग्स के साथ पकड़ा गया, जिन्होंने पूछताछ में अपना नाम सौरभ डोंगरे, शुभम राठौर एवं सौरभ यादव होना बताया। पूछताछ में तीनों के द्वारा काशीराम नगर के श्रद्धा आश्रम पास एमडी ड्रग्स को कुणाल मंगतानी द्वारा उसके दिये गये लोकेशन पर डिलीवरी करने हेतु देना बताया गया। टीम के सदस्यों द्वारा कुणाल मंगतानी की पतासाजी कर उसे भी पकड़ा गया। सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी कुणाल मंगतानी द्वारा बताया गया कि इस ड्रग्स सिंडिकेट का मास्टर माईंड दिल्ली निवासी महेश खड़का तथा कुसुम हिन्दुजा है, जो पूर्व में भी वर्ष 2024 में थाना खम्हारडीह से ड्रग्स के प्रकरण में जेल निरूद्ध रह चुके है। दोनों वर्तमान में दिल्ली में रहकर ड्रग्स सिंडिकेट का संचालन कर रहे है। इनके द्वारा ग्राहकों को व्हाट्सएप के माध्यम से मैसेज कर ड्रग्स डिलीवरी करते थे, जिसके लिये दोनों दिल्ली से कोरियर के माध्यम से ड्रग्स को रायपुर कुणाल मंगतानी के पते पर भिजवाते थे और कुणाल मंगतानी रैपिडो राईडर के माध्यम से सूनसान स्थान पर एमडी ड्रग्स रखकर विडियों एवं लोकेशन महेश खड़का एवं कुसुम हिन्दुजा को भेज देता था। एमडीएमए ड्रग्स के पैसे की लेन-देन हेतु इनके द्वारा विभिन्न बैंक खातों का उपयोग किया जाता था।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना तेलीबांधा की संयुक्त टीम को दिल्ली रवाना किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा दिल्ली पहुंचकर आरोपी महेश खड़का एवं महिला आरोपी कुसुम हिन्दुजा की पतासाजी करते हुये दोनों को दिल्ली के पंचशील विहार में लोकेट कर पूछताछ कर इस प्रकरण में नोटिस देकर रायपुर आने हेतु तलब किया गया। जहां पर प्रकरण में इनकी भूमिंका सिद्ध होने पर दोनों को विधिवत गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों मास्टर माईंड द्वारा नाईजीरियन नागरिकों से ड्रग्स क्रय करना बताया गया है, जिसके संबंध में विस्तृत पूछताछ कर आगे की विवेचना की जा रहीं है।

प्रकरण में अब तक कुल गिरफ्तार आरोपियों का विवरण –
01.कुणाल मंगतानी पिता संतोष मंगतानी उम्र 23 वर्ष निवासी श्रद्धा आश्रम के पास काशीराम नगर थाना तेलीबांधा जिला रायपुर।
02.सौरभ डोंगरे पिता संजय डोंगरे उम्र 29 वर्ष निवासी चौरसिया कालोनी मस्जिद के पास थाना टिकरापारा जिला रायपुर।
03.शुभम राठौर पिता ईश्वर प्रसाद राठौर उम्र 31 वर्ष निवासी कृष्णा नगर शर्मा अस्पताल के पास थाना टिकरापारा जिला रायपुर।
04.सौरभ यादव पिता परमानंद यादव उम्र 21 वर्ष निवासी खमतराई पुलिस कालोनी थाना खमतराई जिला रायपुर।
05.महेश सिंग खड़का पिता पिता हीरासिंग खड़का उम्र 28 साल निवासी सी-06 पंचशील विहार अपर ग्राउण्ड फ्लोर शेख सराई साउथ दिल्ली।
06.कुसुम हिन्दुजा पिता स्व. भागचंद हिन्दुजा उम्र 25 साल निवासी एल.आई.जी. 40 अवंति विहार शंकर नगर थाना खम्हारडीह जिला रायपुर।
ड्रग्स सिंडिकेट में आरोपियों की भूमिंका –
01. महेश खड़का एवं कुसुम हिन्दुजा – मास्टर माईंड एवं डिलिवरी नेटवर्क के प्रबंधन।
02. कुणाल मंगतानी – कोरियर से ड्रग्स रिसीव करने वाला।
03. सौरभ यादव, शुभम राठौर एवं सौरभ डोंगरे – ड्रग्स को ग्राहकों तक पहुंचाने वाले रैपिडो राईडर।
जप्त मशरूका
01.48.03 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स कीमती लगभग 7,00,000/- रूपये।
02.08 नग पार्टी पिल्स।
03.09 नग मोबाईल फोन।
04.स्प्लेण्डर मोटर सायकल क्रमांक सी जी 04 एन जी 8529।
05.ड्रग्स सप्लाई में प्रयुक्त कुरियर बॉक्स।
कुल अनुमानित कीमती लगभग 10,00,000/- रूपये
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस जनता विशेषकर युवा वर्ग से यह अपील करती है कि वह स्वयं को इन खतरनाक सिंथेटिक ड्रग्स के सेवन व प्रसारण से बचे और इस तरह की गतिविधियों की जानकारी पुलिस से साझा करें, ताकि हम सब मिलकर नशा मुक्त समाज का निर्माण कर सके।



