भिलाई। 24 मार्च, 2026, (सीजी संदेश) : शराब के लिए पैसे नहीं मिलने पर अपने ही घर में आग लगाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला जामुल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खेरधा का है। जहां आरोपी ने शराब पीने के लिए उसकी मां द्वारा पैसे नहीं देने पर आरोपी ने घर में आग दी। घटना में लगभग ₹2,50,000 की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। पुलिस एवं फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग पर काबू पाया गया और उसकी मां की रिपोर्ट पर आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
दिनांक 22 मार्च को प्रार्थिया मीना धृतलहरे, निवासी ग्राम खेरधा द्वारा थाना जामुल में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि रात्रि करीब 10:00 बजे उसका पुत्र पुनित धृतलहरे शराब पीने के लिए पैसे मांग रहा था। पैसे देने से इंकार करने पर आरोपी द्वारा घर को आग लगाने की धमकी देते हुए सिगड़ी में कपड़ा जलाकर आग लगा दी गई, जिससे आग पूरे घर में फैल गई। घटना में घर में रखे सामान पूर्णतः जलकर नष्ट हो गए, जिससे प्रार्थिया को लगभग ₹2,50,000 की क्षति हुई। रिपोर्ट पर थाना जामुल में धारा 326(छ) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा फायर ब्रिगेड की सहायता से आग पर नियंत्रण पाया गया। विवेचना के दौरान आरोपी पुनित धृतलहरे को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किया गया, जिसे दिनांक 24 मार्च को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
▪️ सराहनीय भूमिका :
उक्त कार्यवाही में थाना जामुल के थाना प्रभारी निरीक्षक रामेन्द्र सिंह, सउनि अजय सिंह, आरक्षक तोषण चन्द्राकर, महात्मा साहू, अतुल सिंह, पी. संतोष एवं चंदन सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
▪️ घटना का कारण :
शराब पीने हेतु पैसे नहीं देने पर आक्रोश में घटना कारित करना
▪️ घटनास्थल :
शासकीय स्कूल के पास, ग्राम खेरधा, थाना जामुल, जिला दुर्ग
▪️ आरोपी का नाम :
1. पुनित धृतलहरे, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम खेरधा, थाना जामुल, जिला दुर्ग
▪️ जप्त सामग्री :
प्रकरण में जप्ती योग्य सामग्री नहीं
▪️ दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार के विवाद या तनाव की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें तथा तत्काल पुलिस को सूचना दें। आगजनी जैसी घटनाएं गंभीर अपराध की श्रेणी में आती हैं, जिन पर सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।



