भिलाई। 24 मार्च, 2026, (सीजी संदेश) : अपने ही पिता के घर से 60 तोला सोने के आभूषण चोरी करने वाली आरोपी बेटी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला भट्ठी थाना भिलाई क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर 02 का है जहां 03 महीने पहले 02 जनवरी को आरोपी बेटी ने लालच में आकर अपने ही पिता के घर चोरी कर लिया और जेवरात को गिरवी रख कर पैसा निकाल लिया। पिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर उसके पास से पूर्व में बरामद 70 ग्राम सहित कुल 513 ग्राम सोने के आभूषण (कीमत लगभग 74 लाख रुपए) जप्त किया है। प्रकरण में आरोपी से पूछताछ की जा रही है, और अन्य संभावित आरोपियों की संलिप्त की जांच की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 21 जनवरी 2026 को प्रार्थी एम. नचैय्या द्वारा थाना भिलाई भट्ठी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 02 जनवरी 2026 को उनके घर से लगभग 60 तोला सोने के आभूषण चोरी हो गए हैं, जिन्हें उनकी पुत्री द्वारा अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी किया गया है। प्रकरण में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपी एम. श्यामला, उम्र 26 वर्ष, निवासी सड़क 11, सेक्टर 2, मकान नंबर 9/E, भिलाई भट्ठी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करते हुए बताया गया कि चोरी किए गए आभूषणों में से कुछ IIFL फाइनेंस, पावर हाउस भिलाई में गिरवी रखे गए हैं तथा कुछ अपने पास रखे गए हैं। पूर्व में आरोपी के कब्जे से लगभग 70 ग्राम सोने के आभूषण (कीमत लगभग 12 लाख रुपए) जप्त किए गए थे। तत्पश्चात दिनांक 23 मार्च को IIFL फाइनेंस, पावर हाउस भिलाई से 443 ग्राम सोने के आभूषण (कीमत लगभग 62 लाख रुपए) जप्त किए गए। इस प्रकार प्रकरण में अब तक कुल 513 ग्राम सोने के आभूषण (अनुमानित कीमत लगभग 74 लाख रुपए) बरामद कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
सराहनीय भूमिका :
उक्त कार्यवाही में थाना भिलाई भट्ठी की टीम का विशेष योगदान रहा, जिसमें विवेचना टीम एवं स्टाफ द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई कर आरोपी से महत्वपूर्ण बरामदगी सुनिश्चित की गई।
▪️ घटना का कारण :
व्यक्तिगत आर्थिक लाभ हेतु पारिवारिक विश्वास का दुरुपयोग कर चोरी करना
▪️ घटनास्थल :
सड़क 11, सेक्टर 2, मकान नंबर 9/E, थाना भिलाई भट्ठी, दुर्ग
▪️ आरोपी का विवरण :
1. एम. श्यामला, उम्र 26 वर्ष, निवासी सड़क 11, सेक्टर 2, मकान नंबर 9/E, भिलाई भट्ठी
▪️ जप्त सामग्री :
1. 513 ग्राम सोने के आभूषण (कीमत लगभग 74 लाख रुपए)
▪️
▪️ दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि अपने कीमती आभूषण एवं संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।



