भिलाई। 17 मार्च, 2026, (सीजी संदेश) : समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय श्री गणेश विनायक फाउंडेशन, रायपुर द्वारा मानव सेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए सेक्टर-6 स्थित बैपटिस्ट चर्च परिसर में 15 मार्च रविवार को एक दिवसीय निशुल्क नेत्र जांच एवं चश्मा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। श्री विनायक आई हॉस्पिटल रायपुर एवं श्री गणेश विनायक फाउंडेशन, रायपुर द्वारा आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया। शिविर के दौरान जरूरतमंद लोगों को निशुल्क चश्मे भी वितरित किए गए। शिविर में अनुभवी नेत्र विशेषज्ञों की टीम एस. नवीन कुमार (परियोजना समन्वयक), डॉक्टर सूरज प्रसाद, रोशन लाल वर्मा, सुमित वर्मा, लुकेश कुमार ने अत्याधुनिक उपकरणों की सहायता से लोगों की आंखों की जांच की। जांच के दौरान दृष्टि दोष, मोतियाबिंद की शुरुआती पहचान, आंखों में सूखापन, एलर्जी, तथा अन्य नेत्र संबंधी समस्याओं की जांच की गई। कुल ओपीडी मरीजों की संख्या130 रही तथा कुल 80 चश्मे वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के उन वर्गों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना था, जो आर्थिक या अन्य कारणों से समय पर नेत्र परीक्षण नहीं करा पाते। फाउंडेशन के सदस्यों ने बताया कि आंखों से संबंधित समस्याएं आज तेजी से बढ़ रही हैं, ऐसे में समय-समय पर जांच कराना बेहद आवश्यक है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए इस शिविर का आयोजन किया गया। इस आयोजन में बापटिस्ट चर्च सेक्टर 6 भिलाई के रेव. प्रभु मनोहर, अध्यक्ष एम जोनाथन, कोषाध्यक्ष जी. बाला आशीर्वादम, सचिव के जोएल सहित अन्य कार्यकारिणी सदस्यों की अहम भूमिका रही।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की जांच
शिविर में अनुभवी नेत्र विशेषज्ञों की टीम ने जांच के दौरान दृष्टि दोष, मोतियाबिंद की शुरुआती पहचान, आंखों में सूखापन, एलर्जी, तथा अन्य नेत्र संबंधी समस्याओं की जांच की गई। डॉक्टरों ने मरीजों को आवश्यक दवाइयों के साथ-साथ आंखों की देखभाल के बारे में महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। चिकित्सकों ने बताया कि आजकल मोबाइल और कंप्यूटर के अधिक उपयोग के कारण आंखों पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है, जिससे कम उम्र में ही दृष्टि संबंधी समस्याएं देखने को मिल रही हैं। ऐसे में नियमित अंतराल पर आंखों की जांच कराना और आंखों को पर्याप्त आराम देना बेहद जरूरी है।
जरूरतमंदों को निशुल्क चश्मों का वितरण
नेत्र जांच के बाद जिन लोगों की दृष्टि कमजोर पाई गई, उन्हें मौके पर ही निशुल्क चश्मे उपलब्ध कराए गए। फाउंडेशन की ओर से विशेष रूप से यह व्यवस्था की गई थी कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को बिना किसी शुल्क के बेहतर गुणवत्ता वाले चश्मे प्रदान किए जाएं। शिविर में विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की अच्छी-खासी उपस्थिति रही। कई स्कूल के विद्यार्थियों ने भी अपनी आंखों की जांच कराई और डॉक्टरों से आंखों की सुरक्षा से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
समाज सेवा के प्रति फाउंडेशन की प्रतिबद्धता
श्री गणेश विनायक फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा करना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। संस्था समय-समय पर विभिन्न सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रमों का आयोजन करती रहती है।
उन्होंने कहा कि आंखें हमारे शरीर का सबसे महत्वपूर्ण अंग हैं और उनकी सुरक्षा अत्यंत आवश्यक है। यदि समय रहते आंखों की जांच कराई जाए, तो कई गंभीर बीमारियों को शुरुआती चरण में ही रोका जा सकता है। इसी सोच के साथ संस्था ने इस शिविर का आयोजन किया है। चर्च प्रबंधन ने भी इस सामाजिक पहल का स्वागत करते हुए आयोजन के लिए अपना परिसर उपलब्ध कराया और सभी प्रकार का सहयोग प्रदान किया। आयोजकों ने कहा कि समाज के विभिन्न संगठनों के सहयोग से ही इस तरह के सेवा कार्य सफल हो पाते हैं।
लोगों ने जताया आभार
शिविर में आए लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए आयोजकों का आभार व्यक्त किया। कई लोगों ने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर समाज के लिए अत्यंत उपयोगी होते हैं, क्योंकि इससे गरीब और जरूरतमंद लोगों को बड़ी राहत मिलती है। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके।




