दुर्ग। 14 मार्च, 2026, (सीजी संदेश) : यातायात पुलिस कर्मियों के लिए आरोग्यम हॉस्पिटल की टीम द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में यातायात पुलिस कर्मियों का किडनी, बीपी (ब्लड प्रेशर) एवं शुगर सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा की गई साथ ही स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया।
यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा ड्यूटी में तैनात अधिकारी एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए 13 मार्च को निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में यातायात ड्यूटी में लगे अधिकारी-कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। शिविर के दौरान पुलिस कर्मियों का किडनी, ब्लड प्रेशर एवं शुगर सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। उपस्थित चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के संबंध में आवश्यक उपचार एवं सावधानियों के बारे में मार्गदर्शन भी दिया गया। इस स्वास्थ्य परीक्षण शिविर के आयोजन में आरोग्यम हॉस्पिटल की टीम से सुमित घोसल (जीएम), डॉ. बाली, नर्सिंग स्टाफ मनीषा, खिलेश्वरी तथा अटेंडर आरती, संदीप सोनी एवं हेमंत यादव का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। उनके द्वारा विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम उपलब्ध कराकर पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य परीक्षण में सहयोग प्रदान किया गया।
सराहनीय कार्य :
उक्त स्वास्थ्य परीक्षण शिविर के सफल आयोजन में यातायात पुलिस दुर्ग के अधिकारी एवं कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता रही तथा आरोग्यम हॉस्पिटल की टीम द्वारा चिकित्सकीय सहयोग प्रदान किया गया।
दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस सभी नागरिकों से अपील करती है कि अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराते रहें। स्वस्थ नागरिक एवं स्वस्थ पुलिस बल से ही समाज में बेहतर कानून व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।




