दुर्ग 7 जुलाई 2026। रंगों के पावन पर्व होली के अवसर पर दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र स्थित मानस भवन के सामने सेवा सदन कार्यालय में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दुर्ग शहर विधायक एवं प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के सानिध्य में होली का पर्व पूरे उत्साह, उमंग और आत्मीयता के साथ मनाया गया। समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं दुर्ग सहित क्षेत्र नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान सेवा सदन परिसर पूरी तरह रंगों और उत्साह से सराबोर नजर आया। सुबह से ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों का सैलाब अपने लोकप्रिय विधायक के साथ होली खेलने पहुंचने लगा। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक फाग गीतों की मधुर गीत संगीत के साथ सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और भाईचारे व सौहार्द का संदेश दिया।इस अवसर पर केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव भी पूरी तरह होली के रंग में रंगे नजर आए। उन्होंने नगाड़े की थाप पर पारंपरिक फाग गीत गाकर उपस्थित लोगों को उत्साहित किया। उनके साथ जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और आम नागरिक भी उत्साहपूर्वक फाग गीतों पर झूमते हुए नजर आए। एक दूसरे पर ग़ुलाल की फुहार और रंगो की बौछार से सेवा सदन का हर कोना रंगों, गुलाल और खुशियों से भर गया।
होली मिलन समारोह के दौरान लोगों में अपने लोकप्रिय विधायक को रंग-गुलाल लगाने का विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने मंत्री गजेन्द्र यादव को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं और उनके साथ इस रंगोत्सव का आनंद लिये। सुबह से दोपहर तक चली तक चली होली उत्सव में सभी ने एक साथ रंगों की बौछार के बीच होली का उत्सव मनाया।
इस अवसर पर मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता का प्रतीक है। दुर्ग की जनता के साथ इस तरह के पारिवारिक माहौल में त्योहार मनाना उनके लिए अत्यंत सुखद अनुभव है। उन्होंने कहा कि दुर्ग की जनता का स्नेह और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है।
उन्होंने सभी नागरिकों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रंगों का यह पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशियां लेकर आए तथा समाज में आपसी भाईचारा और एकता को और मजबूत करे।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने भी मंत्री गजेन्द्र यादव के साथ होली मिलन समारोह में शामिल होकर रंगों के इस पर्व को यादगार बना दिया। पूरे आयोजन में दुर्ग की सामाजिक एकता, अपनापन और उत्सवधर्मिता की सुंदर झलक देखने को मिली।
सेवा सदन में होली मिलन, मंत्री गजेन्द्र यादव ने कार्यकर्त्ताओ संग नगाड़े की थाप पर गाए फाग गीत
Chhattisgarh no.1 News Portal
Leave a comment




