दुर्ग। 28 फरवरी, 2026, (सीजी संदेश) : दुर्ग पुलिस द्वारा होली पर्व के मद्देनजर गुंडा एवं निगरानी बदमाशों को तलब कर कड़ी समझाइश दी गई। होली त्यौहार को शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने हेतु 68 गुंडा एवं निगरानी बदमाशों को कंट्रोल रूम सेक्टर-06 में बुलाया गया, और सभी व्यक्तियों के फिंगरप्रिंट दर्ज कर सत्यापन कार्यवाही की गई। साथ ही सार्वजनिक शांति भंग करने पर कठोर वैधानिक कार्यवाही की चेतावनी दी गई। दुर्ग पुलिस द्वारा त्यौहार अवधि में लगातार निगरानी एवं पेट्रोलिंग व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
आगामी होली त्यौहार के दौरान शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे गुंडा एवं निगरानी बदमाशों को उपस्थित कर कड़ी समझाइश दी गई। सभी व्यक्तियों के फिंगरप्रिंट दर्ज कर उनका सत्यापन किया गया। उन्हें स्पष्ट रूप से अवगत कराया गया कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, नशा सेवन/विक्रय, मारपीट, हुड़दंग अथवा कानून व्यवस्था भंग करने पर तत्काल प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की जाएगी। आवश्यकतानुसार भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धाराओं के अंतर्गत बाउंड ओवर कार्यवाही की जाएगी। उक्त कार्यवाही में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर,भिलाई नगर अनुविभाग के सी एस पी सत्य प्रकाश तिवारी, छावनी सीएसपी प्रशांत पैकरा,पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों, सीसीटीएनएस स्टाफ एवं कंट्रोल रूम स्टाफ की समन्वित एवं सक्रिय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि होली पर्व को आपसी सौहार्द एवं शांति के साथ मनाएं। किसी भी असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।




