भिलाई। 03 अक्टूबर, 2025, (सीजी संदेश) : आकाश गंगा सुपेला सब्जी मंडी परिसर में लगातार लोगों के द्वारा अवैध कब्जा कर दुकान संचालन करने का मामला सामने आ रहा है। इसको लेकर मंडी समिति ने कई बार कलेक्टर और निगम आयुक्त से शिकायत भी की है, लेकिन निगम कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
नया मामला मंडी के सब्जी विक्रेता संघ के अध्यक्ष के साथ हुआ है। उन्होंने उनकी दुकान पर भाजपा नेता पर बेजा कब्जा करने का आरोप लगाया है। सब्जी मंडी विक्रेता संघ के अध्यक्ष रवि जॉन सिंह ने भिलाई नगर निगम के आयुक्त से इस संबंध में लिखित शिकायत की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि भाजपा नेता और सब्जी व्यापारी विजय सिंह के द्वारा उनको आबंटित शेड (दुकान) पर कब्जा किया हुआ है। कई बार कहने के बाद भी वो उस जगह को नहीं छोड़ रहे हैं। उन्होंने शेड खाली करवाकर आयुक्त से कार्रवाई की मांग की है। शिकायत रवि की मां की तरफ से की गई है। उसमें कहा गया है कि उनके पति स्व. जॉन सिंह भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता थे। उनके निर्देशन में सुभाष चौक सब्जी मंडी पावर हाउस का गठन किया गया था। बाद में इसे सुपेला आकाश गंगा में स्थानांतरित कर दिया गया। उस समय उनके ससुर स्व. जोके पिचवाई के नाम पर शेड संख्या 4 आबंटित किया गया था। उनके बाद उस दुकान को उनके पति संभालने लगे। कुछ व्यावसायिक आवश्यकता के चलते जॉन सिंह ने उस शेड को विजय सिंह को किराये पर दे दिया था। उन्होंने उसका कोई किरायेनामा तैयार नहीं कराया था। अब जॉन सिंह की मृत्यु के बाद विजय सिंह शेड को खाली नहीं कर रहे हैं और ऊंची राजनीतिक पहुंच का फायदा उठाकर कार्रवाई का भय दिखा रहे हैं।
आज भी दुकान जोके पिचवाई के नाम
मंडी अध्यक्ष रवि ने बताया कि 4 नंबर शेड आज भी उनके दादा स्व. जोके पिचवाई के नाम पर है। उसका जो भी किराया निगम में पटाया जा रहा है वह उन्हीं के नाम पर पट रहा है। इसके बाद भी उनकी संतानों को उनकी संपत्ति का हक नहीं मिल रहा है। ऐसा करने से उनके और पूरे परिवार पर आर्थिक संकट मंडरा रहा है।
अधिकतर शेड में दूसरे लोगों का कब्जा
मंडी अध्यक्ष रवि ने इससे पहले भी एक शिकायत निगम आयुक्त को की थी। उसमें बताया गया था कि मंडी में सब्जियों की नीलामी के लिए 25 अलग-अलग शेड आबंटित किए गए थे। इन शेड में आज दूसरे व्यापारियों ने अवैध कब्जा कर लिया है। इससे मंडी में हर दिन विवाद की स्थिति निर्मित होती रहती है। साथ ही साथ पूरे मंडी परिसर में गंदगी पसरी रहती है।