भिलाई21 नम्बर 2026। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव अब अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता से रोज सुबह भेंट-मुलाकात करेंगे। इस पहल के जरिए वे आम लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, जरूरतें और मांगें सुनेंगे। हालांकि विधायक पहले भी नियमित रूप से लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं के निराकरण की पहल करते रहे हैं, लेकिन अब रोज सुबह जनता के बीच उपलब्ध रहकर उनकी बात सुनने का सिलसिला जारी रखेंगे।
आज भी विधायक निवास पर भेंट-मुलाकात के दौरान विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। किसी ने अपने समाज के लिए सामुदायिक भवन की मांग रखी, तो किसी ने राशन कार्ड बनवाने और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की बात कही। इसके अलावा पेयजल, सड़क, नाली, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं भी लोगों ने विधायक के सामने रखीं।
विधायक देवेंद्र यादव ने सभी लोगों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी बातें सुनीं। उन्होंने संबंधित समस्याओं पर आवश्यक पहल करते हुए मौके पर ही कई मामलों में अधिकारियों से चर्चा की और निराकरण के लिए निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है।
विधायक ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता के बीच रहना और उनकी जरूरतों को समझना उनकी जिम्मेदारी है। कई बार छोटी-छोटी समस्याओं के लिए लोगों को दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। ऐसे में वे चाहते हैं कि लोग सीधे उनसे मिलकर अपनी बात रखें, ताकि समस्याओं के समाधान के लिए समय पर पहल की जा सके।


