भिलाई। 19 फरवरी, 2026, (सीजी संदेश) : दुर्ग पुलिस ने म्यूल्स खातों से धोखाधड़ी करने वाले 04 अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला जामुल थाना क्षेत्र अंतर्गत कुरूद स्थित सीएम मेडिकल कॉलेज रोड के पास का है। आरोपियों से 13 बैंक पासबुक, 07 चेकबुक, 18 एटीएम कार्ड, 04 मोबाइल फोन, 12 सिम कार्ड एवं ₹5,700 नगद जप्त किया गया है। जांच में आरोपियों के विरुद्ध समन्वय पोर्टल पर जांच में केरल, कर्नाटक, बिहार एवं गुजरात राज्यों में साइबर शिकायत दर्ज पाई गई। आरोपियों को धारा 318(4), 317(2), 3(5) BNS के तहत गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 19 फरवरी को थाना जामुल को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि सीसीएम मेडिकल कॉलेज रोड, कुरूद स्थित गुप्ता पीजी मकान के पास कुछ व्यक्ति अन्य व्यक्तियों के बैंक खातों का दुरुपयोग कर अवैध धन अर्जित कर रहे हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई एवं संदेहियों को पकड़ा गया। पूछताछ एवं तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से विभिन्न बैंकों की पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड एवं मोबाइल फोन जप्त किए गए। जप्त बैंक खातों को समन्वय पोर्टल पर सत्यापन करने पर 02 पासबुक एवं 01 चेकबुक संबंधित खातों में केरल, कर्नाटक, बिहार एवं गुजरात राज्य में साइबर धोखाधड़ी संबंधी शिकायत दर्ज होना पाया गया। आरोपीगणों को विधिवत गिरफ्तार कर दिनांक 19 फरवरी को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है। प्रकरण की विवेचना जारी है।
▪️ घटना का कारण :
साइबर अपराधियों को सहयोग प्रदान कर बैंक खातों (म्यूल खाता) के माध्यम से अवैध धन अर्जित करना।
▪️ घटनास्थल :
सीसीएम मेडिकल कॉलेज रोड, गुप्ता पीजी के पास, कुरूद, थाना जामुल, जिला दुर्ग।
▪️ आरोपी का विवरण :
1. मोहम्मद अब्दुला राईन उर्फ अमन, उम्र 24 वर्ष, अहमद नगर कैंप-02, छावनी।
2. हिमांशु पटेल, उम्र 31 वर्ष, सेक्टर-01, भिलाई भट्टी।
3. पुट्टा राकेश बाबू, उम्र 27 वर्ष, भीमावरम, वेस्ट गोदावरी, आंध्र प्रदेश।
4. शुभम स्वाई, उम्र 20 वर्ष, सुंदरगढ़, राउरकेला, उड़ीसा।
▪️ जप्त सामग्री :
1. 13 नग बैंक पासबुक
2. 07 नग चेकबुक
3. 18 नग एटीएम कार्ड
4. 04 नग मोबाइल फोन
5. 12 नग सिम कार्ड
6. नगद रकम ₹5,700
▪️ सराहनीय भूमिका :
उक्त कार्यवाही में थाना जामुल के थाना प्रभारी निरीक्षक रामेन्द्र सिंह, उप निरीक्षक सौमित्री भोई, सहायक उप निरीक्षक महफूज खान, प्रधान आरक्षक राजेन्द्र देशमुख, आरक्षक तोषण चन्द्राकर, चंदन सिंह, संतोष, रूपनारायण एवं अतुल यादव की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही।
▪️ दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी व्यक्ति को अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड अथवा सिम कार्ड उपयोग हेतु उपलब्ध न कराएं। साइबर अपराध से संबंधित किसी भी संदेहास्पद गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस अथवा साइबर हेल्पलाइन को दें। म्यूल खाता उपलब्ध कराने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।




