जीवन में हर व्यक्ति सफल होना चाहता है। सफलता हासिल करने के लिए व्यक्ति को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। लेकिन आपके सफलता का रास्ता उस वक्त आसान हो जाता है, जब आप कुछ बातों का हमेशा ध्यान रखत हैं। सफलता से जुड़ी कई नीतियां नीति शास्त्र में बताई हैं। इन नीतियों को लोग अपनाकर आज भी नौकरी या बिजनेस में सफलता का मार्ग सरल बनाते हैं। कहते हैं कि व्यक्ति को जीवन में सफलता पाने के लिए सबसे पहले खुद से तीन प्रश्न करने चाहिए। पहला प्रश्न कि मैं यह काम क्यों कर रहा हूं और दूसरा कि इसका परिणाम क्या होगा और तीसरा क्या मुझे इस काम में सफलता हासिल होगी। व्यक्ति को जब इन तीन प्रश्नों के जवाब मिल जाए तभी अपना कार्य शुरू करना चाहिए। जानिए नौकरी या बिजनेस में सफलता पाने की ये नीतियां-
1. सफल होने के लिए व्यक्ति को कभी यह नहीं दिखाना चाहिए कि आपने उस काम के बार में क्या सोचा है। अपनी रणनीति को गुप्त रखते हुए उस काम में सफलता पाने की कोशिश करनी चाहिए।
2. जब भय सताने लगे तो उसका समाधान खोजना चाहिए। मतलब भय लगने पर उसका साहस के साथ सामना करना चाहिए और उसमें सफलता पाने की कोशिश करनी चाहिए।
3. कभी भूतकाल के बारे में सोचकर पछतावा नहीं करना चाहिए। इंसान को न ही भविष्य के परिणामों के बारे में सोचकर चिंता करनी चाहिए। एक बुद्धिमान व्यक्ति सिर्फ वर्तमान में ध्यान लगाता है और ऐसे व्यक्ति का भविष्य अपने आप अच्छा हो जाता है।
4. बिना स्वार्थ कोई किसी का मित्र नहीं बनता है। इसलिए इस बात का हमेशा ध्यान रखना चाहिए।
5. नीति शास्त्र के अनुसार, व्यक्ति अकेले पैदा होता है और अकेले ही मरता है। व्यक्ति को उसके अच्छे-बुरे कर्मों का फल स्वयं ही भोगना पड़ता है। इसलिए हमेशा अच्छे कर्म कर अच्छे परिणाम पाने की कोशिश करनी चाहिए।
6. सफलता पाने के लिए व्यक्ति में आत्मविश्वास होना जरूरी है। नीति शास्त्र के अनुसार, व्यक्ति अपने कार्यों से महान बनता है, अपने जन्म से नहीं। इसलिए व्यक्ति को हमेशा धर्म के रास्ते पर भी चलना चाहिए।
7. अगर आप सफलता हासिल करना चाहते हैं तो रास्ते में आने वाली परेशानियों और कठिनाइयों का सामना करने के लिए आपको हमेशा तैयार रहना चाहिए।
8. जिन लोगों के पास कोई काम नहीं होता है वह हमेशा दूसरों का समय बर्बाद करते हैं। इसलिए ऐसे लोगों से हमेशा जीवन में बचकर रहना चाहिए।
9. जीवन में कोई भी काम अचानक या तुक्के से नहीं होता है। अगर ऐसा होता है तो वह स्थायी नहीं रहता है। इसलिए किसी भी काम को करने के लिए प्लानिंग करना बहुत जरुरी है।
10. जीवन में लोग आपको आपके कार्यों के अलावा आपकी वाणी के लिए भी जानते हैं। इसलिए जरुरी है कि आप हमेशा मीठा और सत्य ही बोलें।
11. कहते हैं कि सफलता उसी को हासिल होती है जो व्यक्ति जीवन में रिस्क लेता है। इसलिए व्यक्ति को हमेशा अच्छे और बुरे के लिए तैयार रहना चाहिए।
12. जीवन में व्यक्ति कई कार्य करता है। लेकिन श्रेष्ठ और उत्तम पुरुष उसे ही मानते हैं जो सभी कार्यों को पूरा करता है। कहते हैं कि सफल व्यक्ति वह होते हैं जो सभी कामों को प्राथमिकता के हिसाब से पूरा करते हैं।
13. कहते हैं कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए व्यक्ति को अपनी परेशानियों का हल तुरंत निकालना चाहिए। ऐसा नहीं करना चाहिए कि परेशानी लेकर बैठ जाएं और सभी से उसका समाधान पूछें।
14. जीवन में कई कार्य ऐसे होते हैं जिनका शार्टकट से हल नहीं निकाला जा सकता है। ऐसे में किसी भी कार्य को पूरी ऊर्जा के साथ करना चाहिए।