भिलाई। 05 दिसंबर, 2022 (सीजी संदेश) : छत्तीसगढ़ डड़सेना (सिन्हा) कलार समाज ने सेक्टर 7 स्थित इस्पात क्लब में 47वां प्रदेश स्तरीय युवक-युवती परिचय सम्मेलन एवं पारिवारिक मिलन समारोह मनाया। जहां प्रदेश में अन्य राज्यों में निवासरत विवाह योग्य युवक-युवतियों ने अपना परिचय दिया। वहीं अतिथियों ने पारिवारिक मिलन समारोह को वैवाहिक रिश्ते तय करने के लिए बेहतरीन मंच बताया और समाज के युवक-युवती परिचय विवरणिका 2023 के 21वें अंक का विमोचन किया गया। अतिथियों ने समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों, सेवानिवृत्त वरिष्ठ नागरिकों और होनहार युवक-युवतियों का भी सम्मान किया गया।
परिवारिक मिलन समारोह के मुख्य अतिथि गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू रहे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ डड़सेना सिन्हा समाज बहुत ही संगठित समाज है। समाज ने कई कुरीतियों को सामाजिक एकजुटता के माध्यम से दूर करने का प्रयास किया है और आगे भी करेंगे, ऐसा मुझे विश्वास है।मंत्री श्री साहू ने कहा कि जब किसी सामाजिक मंच पर कोई प्रवक्ता बोल रहे हैं तो उन्हें ध्यान से सुनना चाहिए। जो ज्ञान और काम की बात है। उसे आत्मसात करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने समाज की मांग पर जमीन आवंटन में हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया और समाज को आयोजन के लिए बधाई और शुभकामनाएं दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए बालोद विधायक संगीता सिन्हा ने समाज का ध्यान कुरीतियों की ओर आकर्षित किया। उन्होंने समाज का महत्व बताते हुए कहा कि समाज की ताकत सबसे बड़ी ताकत होती है। समाज के आशीर्वाद से ही छत्तीसगढ़ विधानसभा में विधायक हूं और विधानसभा में छत्तीसगढ़ डड़सेना,कलार, सिन्हा समाज का प्रतिनिधित्व कर पा रही हूं। उन्होंने कहा कि समाज की ताकत सबसे बड़ी ताकत होती है। समाज के अध्यक्ष रिखी राम सिन्हा ने सामाजिक विकास के लिए एकजुटता और युवक – युवतियों की शिक्षा पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा से हमारे समाज की नींव मजबूत होगी।अध्यक्ष ने बताया कि युवक -युवती परिचय विवरणिका –2023 में प्रदेश एवं अन्य राज्यों में निवासरत विवाह योग्य 800 से अधिक युवक-युवतियों के बायोडाटा संकलन किया गया है। इसमें से अधिकतर युवक-युवतियों ने अपने माता-पिता के साथ सम्मेलन में भाग लिया।
कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि पहुंचे मेयर नीरज पाल ने कहा कि आपसी सद्भाव से ही सामाजिक को विकास के मार्ग पर अग्रसर किया जा सकता है।समाज में आपसी भाईचारे के माध्यम से समाज में सुंदर वातावरण का निर्माण किया जा सकता है,जो समाज के लिए आवश्यक है। वहीं रिसाली निगम महापौर शशि सिन्हा, डाक्टर श्रुतिका ताम्रकार यादव,अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य किरण सिन्हा, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकार, एमआईसी सदस्य लक्ष्मीपति राजू, समाज के संरक्षक भोजराम डड़सेना, प्रांताध्यक्ष दीपक सिन्हा, प्रेमलाल सिन्हा भुवनेश्वर सिन्हा,जीवनलाल सिन्हा ने भी समाज को संबोधित किया। समारोह में पार्षद अंजू सुमन सागर, ममता सिन्हा, जन कल्याण समिति महासचिव अशोक कुमार सिन्हा, कोषाध्यक्ष डॉक्टर कृपाराम गजेंद्र, दुष्यंत गजेन्द्र, छबिलाल सिन्हा, घनश्याम सिन्हा, बसंत जायसवाल किशोर कुमार नशीने ,समेत छत्तीसगढ़ डड़सेना कलार समाज जन कल्याण समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन दोमन सिन्हा और नोहर सिन्हा ने किया।
खेलकूद में इन्होंने किया नाम रोशन
कराटे में रीतिका सिन्हा, सायकल पोलो में इशिता सिन्हा, बैंडमिंटन में छत्तीसगढ़ सब जूनियर टीम की तनीशा डड़सेना और तलवारबाजी में योगेश कुमार सिन्हा को प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता बेहतर प्रदर्शन करने के लिए सम्मानित किया गया।
समाज के होनहार छात्र-छात्राएं
कक्षा 10वीं की प्रावीण्य सूची में 96.89 अंक हासिल कर टॉप 10 में स्थान बनाने वाली भाविका सिन्हा को श्रीफल, प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सौरभ सिन्हा ने 90, तुलसी सिन्हा ने 69 और तुलसी सिन्हा ने 69फीसद अंक हासिल किया है। समाज ने इनका भी सम्मान किया। नीट क्वालीफाई कर एमबीबीएस में प्रवेश लेने वाले कुसुम सिन्हा, श्रुति सिन्हा को भी सम्मानित किया गया। 92 फीसदी अंकों के साथ गणित में स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल करने वाली रश्मि सिन्हा और जूलॉजी में एमएसी करने वाली प्रीति सिन्हा का भी सम्मान किया गया।
इन्हें प्रदान किया छात्रवृत्ति
इन्द्र कुमार सिन्हा और माेहन लाल सिन्हा को 5-5 हजार और उमेन्द्र कुमार सिन्हा को 2 हजार रुपए जायसवाल छात्रवृत्ति प्रदान किया गया।नंदिनी नरेन्द्र सिन्हा को दमयंती देवी पुरुस्कार से सम्मानित किया गया। राज्य स्तरीय गायन प्रतियोगिता में प्रतिनिधित्व करने के लिए पुष्पा डड़सेना, सामाजिक जागरूकता के लिए बीएसपी कर्मी कामता प्रसाद सिन्हा का सम्मान किया गया।