भिलाई। नगर पालिक निगम आयुक्त ऋतुराज रघुवंशी के निर्देश के मुताबिक लाॅक डाउन और खाद्य सामग्री की खरीददारी के लिए दी गई छूट का वार्ड स्तर पर सर्वे कर जायजा लिया। किराना दुकान संचालको को सोशल डिस्टेसिंग का पालन कराने के साथ ग्राहकों को सामग्री देने की अपील की गई। बिना मास्क के दुकान पर बैठे व्यापारी और सड़कों पर घूमने वाले लोगों से जुर्माना वसूला गया। निगम के पांच जोन की टीम ने कुल 81 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। इनमें से 47 लोग सार्वजनिक स्थानों पर बिना मास्क के घूम रहे थे। चेहरे को अन्य तरीके से भी नहीं ढंका था। इनसे कुल 18050 रूपए अर्थदंड वसूल किया गया। छूट प्राप्त 34 दुकान जैसे मेडिकल और किराना दुकान संचालकों से मास्क नहीं लगाने पर 35900 जुर्माना लगाया गया। नेहरू नगर जोन-1 आयुक्त सुनील अग्रहरि के निर्देश पर सहायक राजस्व अधिकारी शरद दुबे की टीम ने 6 लोगों से 6800 रूपए, जोन-2 वैशाली नगर आयुक्त पूजा पिल्ले के नेतृत्व में 11 लोगों से 1100, मदर टेरेसा जोन-3 की आयुक्त प्रीति सिंह के नेतृत्व में 3 लोगों से 700, वीर शिवाजी नगर जोन-4 के आयुक्त अमिताभ शर्मा की टीम ने 14 लोगों से 4850 और जोन-5 सेक्टर-6 के आयुक्त महेन्द्र पाठक की टीम ने 13 लोगों से 4600 रूपए अर्थदंड वसूल किया।