भिलाई। 24 सितंबर, 2022, (सीजी संदेश) : प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा सेक्टर 7 स्तिथ पीस ऑडिटोरियम ग्राउंड में चैतन्य देवियों की झांकी का आयोजन 26 सितंबर से सर्व के दर्शनार्थ संध्या 7:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक निशुल्क रहेगा। भिलाई सेवा केंद्रों की निदेशिका ब्रम्हाकुमारी आशा दीदी ने चैतन्य देवियों की झांकी के थीम के बारे में बताते हुए कहा कि यह झांकी आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष में स्वर्णिम भारत की ओर “नारी शक्ति से राष्ट्र शक्ति” थीम पर रहेगा। लाइट एंड साउंड के सुंदर समायोजन के द्वारा 50 फ़ीट ऊंचाई में पहाड़ों एवं धरती के गर्भ से चैतन्य देवियों का प्रकट होना एवं उनका राजयोग मेडिटेशन के अभ्यास के कारण जड़ मूर्ति के समान प्रतित होना सभी भक्तों को दैवीय स्वरूप का साक्षात्कार कराएगा । इस अभूतपूर्व अलौकिक झांकी में इतिहास में वर्णित अपने संतान की श्रेष्ठ संस्कारो से पालना करने वाली नारी शक्ति को दर्शाया जाएगा। जिन्होंने भारत देश का मान बढ़ाया।
इस झांकी में विशेष सभी के मन मे भारत देश को पुनः विश्व गुरु बनाने देश भक्ति के साथ राष्ट्र सम्मान के प्रति भी जागरूक किया जाएगा। झांकी की तैयारियां अंतिम चरण में है।