दुर्ग। 01अप्रैल, 2026, (सीजी संदेश) : पति को आत्महत्या के लिए प्रताड़ित करने वाली आरोपी पत्नी, उसका भाई एवं मामा को दुर्ग पुलिस ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया है मामला वार्ड 04 गया नगर दुर्ग का है जहां पति ने पत्नी एवं उसके घर वालों की प्रताड़ना से तंग आकर 11 मार्च को आत्महत्या कर ली थी आत्महत्या के पूर्व मृतक ने प्रताड़ित करने वाले ससुराल पक्ष के संबंध में वीडियो भी बनाया था जिसकी जांच पड़ताल के पश्चात पुलिस ने मृतक की पत्नी उसके भाई एवं मामा के विरुद्ध अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लाया गया। आरोपियों से घटना से संबंधित डिजिटल साक्ष्य (मोबाइल) जप्त कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
मर्ग क्रमांक 13/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मृतक विशाल गुप्ता, उम्र 30 वर्ष, निवासी गया नगर वार्ड क्रमांक 04 दुर्ग के आत्महत्या प्रकरण की जांच की गई। मर्ग जांच के दौरान परिजनों के कथन, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल निरीक्षण एवं मेडिकल रिपोर्ट का परीक्षण किया गया।
जांच में यह तथ्य सामने आया कि मृतक द्वारा दिनांक 11 मार्च को आत्महत्या से पूर्व अपने मोबाइल फोन में एक वीडियो रिकॉर्ड किया गया था, जिसमें उसने अपनी पत्नी एवं उसके परिजनों द्वारा लगातार मानसिक प्रताड़ना देने का उल्लेख किया। प्रताड़ना के कारण मानसिक रूप से आहत होकर मृतक द्वारा दिनांक 11 मार्च को रात्रि लगभग 10:30 बजे फांसी लगाकर आत्महत्या करना पाया गया। जांच उपरांत धारा 108, 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए टीम गठित कर आरोपियों की तलाश हेतु उत्तर प्रदेश रवाना किया गया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों का पता लगाकर दिनांक 29 मार्च को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
▪️ सराहनीय भूमिका :
उक्त कार्यवाही में थाना सिटी कोतवाली दुर्ग के उप निरीक्षक निर्मल सिंह ध्रुव, आरक्षक कमलेश देशमुख, आरक्षक विकास तिवारी एवं महिला आरक्षक लता रजक का विशेष योगदान रहा।
▪️ घटना का कारण :
वैवाहिक विवाद एवं मानसिक प्रताड़ना
▪️ घटनास्थल :
गया नगर वार्ड क्रमांक 04, दुर्ग
▪️ आरोपी का नाम :
1. तनु उर्फ मोहनी गुप्ता, उम्र 25 वर्ष, निवासी गया नगर दुर्ग (हाल पता – मौहदा, जिला हमीरपुर, उत्तर प्रदेश)
2. शिवा गुप्ता, उम्र 19 वर्ष, निवासी मौहदा, जिला हमीरपुर, उत्तर प्रदेश
3. कृष्ण कुमार गुप्ता, उम्र 50 वर्ष, निवासी सुमेरपुर पेलानी रोड, जिला हमीरपुर, उत्तर प्रदेश
▪️ जप्त सामग्री :
1. एक मोबाइल फोन (घटना से संबंधित वीडियो साक्ष्य)
▪️ दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की मानसिक प्रताड़ना या पारिवारिक विवाद की स्थिति में कानूनी सहायता लें एवं पुलिस को सूचना दें। आत्महत्या जैसे गंभीर कदम से बचें तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। दोषियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।



