रायपुर। 27 फरवरी : पुलिस मुख्यालय, अटल नगर, रायपुर में आज पुलिस अधिकारियों द्वारा पुलिस उप महानिरीक्षक एचआर मनहर को सेवानिवृत्ति उपरांत भावभीनी विदाई दी गई। उल्लेखनीय है कि श्री मनहर 31 वर्षों से पुलिस विभाग की सेवा उपरांत अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर 27 फरवरी को सेवानिवृत्त हुए।
विदाई कार्यक्रम में विशेष पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा ने कहा कि मनहर के अनुभवों और कार्य प्रणाली से पुलिस अधिकारियों को सीखना चाहिए, उन्होंने अपनी लगन और निष्ठा से एकीकृत मध्यप्रदेश सहित छत्तीसगढ़ राज्य में अपनी सेवाएं दी। श्री मनहर को एक मृदुभाषी, सहज, सरल एवं अधीनस्थ कर्मचारियों के प्रति सदैव उत्तम व्यवहार के लिये पुलिस विभाग उन्हें याद रखेगा और इनके अनुभवों का लाभ पुलिस विभाग को मिलता रहेगा। श्री मनहर के सुखद और स्वस्थ जीवन जीने और उन्हें दीर्घायु होने की कामना की गई। विशेष पुलिस महानिदेशक श्री आरके विज ने श्री मनहर के साथ पुलिस सेवा काल के अनुभवों को साझा करते हुए उनके सफल कार्यकाल की सराहना की तथा शॉल श्रीफल भेंटकर श्री मनहर को विदाई दी।
श्री मनहर ने मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों बिलासपुर, सरगुजा, बलरामपुर, रायपुर, रामानुजगंज, बेमेतरा, जांजगीर-चांपा और कोरिया सहित पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर में अपनी सेवाएं दी। इन्हें वर्ष 2013 में भारतीय पुलिस सेवा से नवाजा गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक हिमांशु गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक डॉ. आनंद छाबड़ा, टीआर पैकरा, पुलिस उप महानिरीक्षक ओपी पाल, एचसी द्विवेदी, श्रीमती हिमानी खन्ना, आरएन दास, बीएस ध्रुव, सहायक पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती मिलना कुर्रे, राजेश अग्रवाल, मनीष शर्मा, पुलिस अधीक्षक एमएन पाण्डेय, युबीएस चौहान, वायपी सिंह और मुख्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।
उप निरीक्षक (विशेष शाखा) चंद्रशेखर शुक्ला, प्रधान आरक्षक (अअवि) चंद्रमणी तिवारी
पुलिस मुख्यालय, अटल नगर, रायपुर में आज उपनिरीक्षक चंद्रशेखर शुक्ला और प्रधान आरक्षक चंद्रमणी तिवारी को भी सेवानिवृति पर भावभीनी विदाई दी गई। पुलिस महानिदेशक डीएम अवस्थी के मंशा अनुरूप सेवानिवृति होने पर उक्त कर्मचारियों को सेवा सम्मान निधि की राशि चेक द्वारा प्रदान की गई।