
टाटीबंध चौक के खतरनाक मोड़ पर शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे तेज रफ्तार ट्रक ने मोपेड सवार बीमार युवक को कुचल दिया। उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मोपेड चला रहे उसके पिता गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया है। हादसा वहीं हुआ जहां पर डेढ़ साल पहले इंटरचेंज फ्लाईओवर बनाने का प्लान था। युवक की मौत की खबर फैलते ही वहां भीड़ जमा हो गई। विधायक विकास उपाध्याय हादसे के जिम्मेदारों पर एफआईआर दर्ज कराने थाने पहुंच गए। पुलिस के अनुसार भिलाई-3 शीतलापारा के बुलंद शाह के 18 साल का बेटे वाजिद शाह कुछ दिनों से सर्दी-बुखार से पीड़ित था।
वाजिद का इलाज कराने के लिए बुलंद उसे एम्स लेकर आए थे। डाॅक्टर से जांच करवाने के बाद दोपहर को पिता-पुत्र भिलाई के लिए निकले। ठीक चौराहे पर गगन रेस्टोरेंट सामने भिलाई जाने वाली टर्निंग पर हीरापुर की ओर से आ रहे ट्रक ने उनकी मोपेड को चपेट में ले लिया। वाजिद ट्रक के चक्के के नीचे आ गया और गाड़ी उसे रौंदते हुए आगे निकल गई। मोपेड चला रहे उसके पिता बुलंद शाह दूर फेंका गए। उनके दोनों पैर, हाथ अौर सिर पर गहरी चोट आई है। हादसे के बाद आस-पास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया। वाजिद का शव एम्स की मरचूरी में रखवा दिया गया है। शाम होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो पाया है।
इकलौता पुत्र था वाजिद : बुलंद शाह के तीन बच्चे हैं। वाजिद उनका इकलौता बेटा था। दो बेटियां हैं। दोनों वाजिद से छोटी हैं। बुलंद फेरी लगाकर कपड़े बेचते हैं। आर्थिक तंगी के कारण वाजिद ने भी पढ़ाई छोड़कर पिता के साथ उन्हीं का कारोबार करने लगा था। हादसे के बाद जेब से मिले मोबाइल नंबर के आधार पर उनकी पहचान की गई। करीब पौन घंटे में उनके तमाम रिश्तेदार पहुंच गए। उनके आने के पहले ही घायल बुलंद को अस्पताल पहुंचाया जा चुका था। वाजिद का शव भी शिफ्ट किया जा चुका था।