
अमरावती. आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले में रविवार दोपहर पर्यटकों को लेकर जा रही नाव गोदावरी नदी में डूब गई। पुलिस सूत्रों ने न्यूज एजेंसी को बताया कि नाव आंध्र पर्यटन विकास निगम की थी। इसमें 9 क्रू मेंबर और 51 पर्यटक सवार थे। हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, 17 को बचाया गया जबकि 31 लापता हैं। एनडीआरएफ की दो टीमें बचाव अभियान में जुटी हैं। बारिश के कारण गोदावरी नदी में बहाव तेज है। हादसा उस वक्त हुआ, जब नाव नदीं में एक चट्टान से टकरा गई।
पुलिस अधीक्षक अदनान नईम असमी ने बताया कि नाव प्रमुख पर्यटन स्थल पापीकोंडालु से रवाना हुई थी और कच्छलुरू के पास डूब गई। सरकार ने लोगों को ढूंढने के लिए हेलिकॉप्टर की मदद लेने का निर्देश दिया। जलस्तर अधिक होने के कारण बचाव अभियान में कठिनाई आई। मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजन के लिए 10-10 लाख रु. मुआवजे का ऐलान किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने ट्वीट किया, “आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी में नाव डूबने की घटना से बहुत दुखी हूं। मेरी संवेदना पीड़ित परिवारों के साथ है। घटनास्थल पर बचाव अभियान अभी भी चल रहा है। गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, “आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले में नाव दुर्घटना से हुई क्षति काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं इससे काफी दुखी हूं। इस हादसे में जिन्होंने भी अपने प्रियजनों को खोया है, मेरी संवेदना उनके साथ है। ईश्वर इस क्षति से उबरने में उनकी सहायता करे।”
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया, “आंध्र प्रदेश में गोदावरी नदी में नाव दुर्घटना के बारे में सुनकर दुखी हूं। इस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं प्रार्थना करता हूं कि लापता हुए लोग सुरक्षित बाहर आ जाएं।”