भिलाई। 25 मार्च : आम आदमी पार्टी ने दुर्ग जिले के अंतर्गत होने वाले भिलाई व रिसाली निगम के चुनाव के लिए तैयारी कर ली है। जिसके लिए दोनों निगम क्षेत्रों के लिए चुनाव प्रभारी की घोषणा भी कर दी गई है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी, जिला अध्यक्ष मेहरबान सिंह एवं अन्य पदाधिकारियों ने इस बात की जानकारी पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने बताया पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी में इन दोनों चुनाव के लिए प्रभारी नियुक्त करने को लेकर चर्चा हुई व आये हुए प्रस्तावित नामों को पार्टी के कोर कमेटी के समक्ष रखा गया कमेटी में प्रभारियों के प्रस्तावित नामों पर चर्चा हुई चर्चा के उपरांत भिलाई निगम के लिए संतोष देवांगन व रिसाली निगम के लिए डॉ एसके अग्रवाल को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी ने कहा कि दुर्ग जिले के अंतर्गत दो निगम में चुनाव है इन निगमों में दोनों पार्टियों के चुने हुए जनप्रतिनिधियों के खिलाफ काफी जन आक्रोश है। यह आम जन की मांग है कि आम आदमी पार्टी इस चुनाव में अपना प्रत्याशी खड़ा करें। सच्चे व ईमानदार जनप्रतिनिधियों से हमारी पार्टी लगातार संपर्क में है और एक अभियान के तहत हमारे लोग उनसे लगातार मिल रहे
है। श्री हुपेंडी ने आगे कहा कि हम दोनों निगम में मजबूती के साथ चुनाव लड़ेंगे। पार्टी महासचिव उत्तम जायसवाल ने कहा कि संतोष देवांगन दल्ली राजहरा के नगर पालिका में उपाध्यक्ष है और उन्हें चुनाव का काफी अनुभव है उसी तरह डॉ. अग्रवाल भी अनुभवी व पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों में से एक है।
इस चुनाव में प्रदेश स्तर के सभी पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी व चुनाव प्रभारियों की रणनीति के अनुसार कार्य किया जाएगा। इस प्रेस वार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष वदूद आलम, दुर्गा झा, के ज्योति, कुलबीर कौर, दीपक आर्डे और कोमल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।